• Helpline No :
  • |
  • Email: admissions@igu.ac.in
  • A+
  • A
  • A-
IGU

आईजीयू में 'अंतर्राष्ट्रीय शेफ दिवस' पर पाक कला प्रतियोगिता एवं कार्यशाला का आयोजन।* *​हरियाणा के पारंपरिक स्वादों और आधुनिक पाक कला का संगम है

Published on: 18 Oct 2026

आईजीयू में 'अंतर्राष्ट्रीय शेफ दिवस' पर पाक कला प्रतियोगिता एवं कार्यशाला का आयोजन।*


*​हरियाणा के पारंपरिक स्वादों और आधुनिक पाक कला का संगम है यह आयोजन: कुलपति प्रो. असीम मिगलानी।*


*​व शेफ प्रमोद रतूड़ी सहित राष्ट्रीय उद्योग विशेषज्ञों ने की शिरकत, विद्यार्थियों को सिखाए आधुनिक कुकिंग के गुर।*


​इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के होटल एवं पर्यटन प्रबंधन विभाग (DHTM) द्वारा 'अंतर्राष्ट्रीय शेफ दिवस' के अवसर पर एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर “अग्निरहित खाना पकाना और हरियाणा के लुप्त होते स्वाद” विषय पर एक अंतर-विभागीय पाक कला प्रतियोगिता तथा उभरती पाक कला प्रवृत्तियों पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी एवं कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों गणमान्य अतिथियों ने चीन से पधारे शेफ तियान सहित सभी आमंत्रित अतिथियों एवं संसाधन व्यक्तियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया।

​कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक पाक कला का एक उत्कृष्ट संगम है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के पारंपरिक और लुप्त होते स्वादों को अग्निरहित तकनीक से पुनर्जीवित करना विद्यार्थियों की अद्भुत रचनात्मकता को दर्शाता है, जिससे उन्हें व्यावहारिक ज्ञान और तकनीकी दक्षता मिलती है। वहीं, कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी रचनात्मक प्रतियोगिताएं छात्रों में नवाचार, टीम वर्क और संसाधन प्रबंधन का कौशल विकसित करती हैं, तथा विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों के सर्वांगीण विकास और व्यावहारिक प्रशिक्षण को निरंतर बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

​कार्यशाला में चीन से विशेष रूप से पधारे अंतर्राष्ट्रीय शेफ तियान तथा एम्बर पैलेस ग्रुप (चीन) के एग्जीक्यूटिव शेफ प्रमोद रतूड़ी ने मुख्य संसाधन व्यक्ति के रूप में शिरकत की। उनके साथ एम्बर पैलेस, गुरुग्राम के जनरल मैनेजर श्री नितेश रोहिल्ला एवं शेफ धीरज भी उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनाई जाने वाली अत्याधुनिक कटिंग, स्टीमिंग, प्लेटिंग और हाइजीन मानकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे हरियाणा के पारंपरिक स्वादों को आधुनिक प्रस्तुति और फ्यूजन तकनीक के साथ मिलाकर अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर लोकप्रिय बनाया जा सकता है। इसके साथ ही, उन्होंने अग्निरहित कुकिंग के माध्यम से पोषक तत्वों को सुरक्षित रखने और सस्टेनेबल कुकिंग के महत्व पर प्रकाश डाला। श्री नितेश रोहिल्ला और शेफ प्रमोद रतूड़ी ने आतिथ्य उद्योग में अनुशासन, समय प्रबंधन और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय शेफ्स के लिए उपलब्ध अपार संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

​विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक विभागों से 15 टीमों ने इस पाक कला प्रतियोगिता में बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। कड़े मुकाबले के बाद प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार प्रबंधन विभाग की टीमों ने प्राप्त किए, जबकि तृतीय पुरस्कार मनोविज्ञान विभाग की टीम ने जीता।

​कार्यक्रम के प्रारंभ में विभागाध्यक्ष प्रो. अदिति शर्मा ने सभी आमंत्रित अतिथियों, संसाधन व्यक्तियों एवं संकाय सदस्यों का औपचारिक स्वागत किया। इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. करण सिंह, प्रो. दीपक गुप्ता, प्रो. समृद्धि तथा डॉ. सुशांत यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे और प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का सफल संयोजन कार्यशाला के संयोजक डॉ. विक्रांत तथा आयोजन सचिव डॉ. नवनीत कौशल के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें विभाग के संकाय सदस्यों डॉ. पवन, डॉ. आरती, डॉ. अमन एवं श्री अरुण का सराहनीय योगदान रहा।